
जो बाइडेन ने सेना में ट्रांसजेंडरों की भर्ती पर लगा प्रतिबंध हटा कर राष्ट्रपति ट्रम्प के विवादित फैसले को बदल दिया

एजेंसी। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक और फैसला बदल दिया है। उन्होंने सेना में ट्रांसजेंडरों की भर्ती पर लगाया गया विवादित प्रतिबंध सोमवार को हटा दिया। बाइडेन के इस कदम का LGBT समुदाय ने स्वागत किया है। अमेरिकन सिविल लिबर्टी यूनियन (ACLU) ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए कहा है कि यह ट्रांसजेंडरों के अधिकारों की लड़ाई में एक बड़ी सफलता है। राष्ट्रपति कार्यालय ने इस फैसले के बारे में ट्वीट करके जानकारी दी है।
जो बाइडेन के कार्यभार संभालने के बाद से ही माना जा रहा था कि वो पेंटागन की इस नीति में बदलाव कर सकते हैं। व्हाइट हाउस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, 'राष्ट्रपति जो बाइडेन मानते हैं कि किसी की लैंगिक पहचान को सेना में काम करने का मापदंड नहीं बनाया जाना चाहिए। अमेरिका के सभी योग्य नागरिकों का सेना में शामिल होना देश और सेना दोनों के लिए बेहतर है, क्योंकि एकजुट बल ज्यादा प्रभावी होता है। सीधे शब्दों में कहें तो ये हमारे राष्ट्रीय हित में है। अमेरिका की ताकत उसकी विविधता में है।'