
रूस : पुतिन सरकार के खिलाफ जनप्रदर्शन

एजेंसी। रूस में पुतिन सरकार के खिलाफ लोगों का गुस्सा बडता ही जा रहा है और लोग सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन में राजधानी मॉस्को में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प होने की भी खबर है। रूस के कई शहरों में प्रदर्शन के दौरान शनिवार को 2,500 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी की रिहाई और पुतिन सरकार को हटाने की मांग करते हुए रूस के कई शहरों में भारी संख्या में लोग सड़क पर उतरक प्रदर्शन करने की समाचार हैं। नवलनी को बर्लिन से आने के बाद मॉस्को एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया था।
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सबसे बडे आलोचक और धुर विरोधी नवलनी को 17 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था, जब वह जर्मनी से मॉस्को लौट रहे थे। जर्मनी में पांच महीने से उनका इलाज चल रहा था। उन्होंने रूस सरकार पर उनको जहर देने का आरोप भी लगाया है।
गिरफ्तारी के विरोध में हो रहा प्रदर्शन शनिवार को और व्यापक हो गया। रूस के 100 से ज्यादा शहरों में प्रदर्शन किया गया। राजधानी मॉस्को में प्रदर्शनकारियों ने पुश्किन स्क्वायर का घेराव किया और पुलिस पर स्नोबॉल से पथराव किया। जवाब में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठी चलाई और बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया गया।